- मुफ्त में सर्वाइकल कैंसर की एंटी वैक्सीन लगाने के लिए भोपाल (ईएमएस)। हेल्थ विभाग, मुफ्त में सर्वाइकल कैंसर की एंटी वैक्सीन लगाने के लिए अब समग्र आईडी की सूची के जरिए किशोरियों के घर के पते निकालकर उन तक अथवा उनके परिजनों तक एचपीवी वैक्सीन लगवाने के फायदे की और मुफ्त टीकाकरण की जानकारी देगा। हेल्थ विभाग ने भारत सरकार के निर्देश पर 28 फरवरी से एचपीवी वैक्सीन लगाने का अभियान तो शुरू कर दिया है, मगर विभाग को 14 साल की किशोरियों की जानकारी हासिल करने में पसीने आ रहे हैं, क्योंकि अभी मार्च में लगभग सभी स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं। अधिकांश जगह क्लास नहीं लग रही हैं। इसलिए स्कूलों में जाकर सम्पर्क करने कठिनाई आ रही है। इसके लिए हेल्थ विभाग अब शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग की मदद से 14 साल की किशोरियों की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से समग्र आईडी लेकर नाबालिग किशोरियों का डेटा जुटाने में लगे है। उल्लेखनीय है कि किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत टीकाकरण का आयोजन झोनवार कार्यालय और अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे हैं। विनोद / 05 मार्च 26