वडोदरा (ईएमएस)| जिले के डभोई तालुका स्थित कायावरोहन गांव में धुलेटी का त्योहार उस समय मातम में बदल गया, जब नर्मदा नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा सिसोदरा गांव के पास हुआ, जहां कुल आठ युवक धुलेटी के अवसर पर नदी में स्नान करने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, सभी युवक वडोदरा जिले के डभोई तालुका के कायावरोहन गांव के निवासी थे और त्योहार का आनंद लेने के लिए नर्मदा नदी के तट पर गए थे। नहाते समय अचानक तीन युवक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और तैराकों की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सबसे अधिक दुखद पहलू यह है कि मृतक तीनों युवक एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे। एक साथ तीन बेटों को खोने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई हैं। सतीश/05 मार्च