अज्ञात आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज , तलाश जारी जबलपुर, (ईएमएस)। घमापुर थानांतर्गत सतपुला बाजार में होली की रात दो अज्ञात लड़कों ने एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे लहूलूहान कर दिया। इस हमले में उसकी आंते बाहर निकल पडी थी। किसी तरह घायल अपने घर पहुंचा जहां से उसकी पत्नी ने उसे कपड़े से बांधा और उसे गोद में उठाकर तत्काल मेडिकल लेकर पहुंच गई। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर लिया है। इस संबंध में घमापुर थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शंकर सिंह राजपूत उर्फ बंटी को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराये जाने की सूचना पर पहॅुची पुलिस को सुषमा राजपूत निवासी जीसीएफ स्टेट घमापुर ने बताया कि 3 मार्च की रात लगभग 10-30 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर में थी। तभी उसके पति शंकर सिंह उर्फ बंटी राजपूत खून से लथपथ घर आये। पति के पेट में चोट थी और उनकी आंते बाहर निकल रही थी। पति ने बताया कि सतपुला बजार में 2 अज्ञात लड़कों ने पेट में चाकू से तीन बार हमलाकर चोट पहुंचा दी थी। पति को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराये हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश आरंभ कर दी है। इस सिलसिल में घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। अजय पाठक / मोनिका / 05 मार्च 2026/ 03.36