राज्य
05-Mar-2026


सिर पर चोट के निशान : हत्या का संदेह जबलपुर, (ईएमएस)। जिले के देहात थाना पनागर क्षेत्र के अंतर्गत छत्तरपुर गांव में ककरई तालाब के पास जंगली इलाके में गांव के ही 60 वर्षीय बुजुर्ग हल्लू कोल का शव लहूलुहान हालत में मिला है। बुजुर्ग लंबे समय से इस सुनसान इलाके में स्थित एक खेत की रखवाली का काम करते थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक का शव गांव से करीब ढाई किलोमीटर दूर बरामद हुआ। घटनास्थल पर शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं और काफी मात्रा में खून भी फैला हुआ था। मृतक के परिजनों ने सिर पर लगी इन चोटों को देखते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। घटना की सूचना पाकर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सिर पर लगी गहरी चोटें किसी हमले की ओर इशारा कर रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जंगली रास्ते पर आने-जाने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की तह तक जाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि जल्द ही घटना का खुलासा हो सके। अजय पाठक / मोनिका / 05 मार्च 2026/ 03.37