राज्य
05-Mar-2026


गंभीर घायल बहू जबलपुर रेफर : देर रात कटनी-बरही मार्ग पर जबलपुर, (ईएमएस)। संभाग के कटनी जिलांतर्गत बड़वारा थाना क्षेत्र में सोमवार होलिका दहन 2 मार्च की देर रात कटनी-बरही मार्ग पर सुड्डी ग्राम मोड़ के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर में बाइक पर सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है। मृतकों की पहचान माधवनगर थाना क्षेत्र के भानपुर निवासी शिव सिंह (55 वर्ष) और उनके पुत्र मनोज सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वे अपनी बहू चंदा बाई के साथ बरही के सुखदास ग्राम से लौट रहे थे। पिता-पुत्र , बहू चंदा बाई की भाभी के निधन पर आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जहां से वे रात करीब 9 बजे लौट रहे थे कि इसी बीच सुड्डी मोड़ के पास कटनी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पास के खेत में जा घुसी। राहगीरों से मिली हादसे की सूचना पर बड़वारा पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने शिव सिंह और उसके पुत्र मनोज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बहू चंदा बाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है। आरोपी चालक की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। अजय पाठक / मोनिका / 05 मार्च 2026/ 03.39