अंतर्राष्ट्रीय
06-Mar-2026
...


काठमांडू,(ईएमएस)। हिमालयी राष्ट्र नेपाल में हुए ऐतिहासिक आम चुनावों के शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। काठमांडू के पूर्व मेयर और रैपर बालेन शाह के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के पक्ष में जबरदस्त लहर दिखाई दे रही है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, आरएसपी ने स्थापित पुरानी पार्टियों को पछाड़ते हुए निर्णायक बढ़त बना ली है। यह चुनाव नेपाल के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये जेन-जी के उस हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद हुए हैं, जिसने केपी शर्मा ओली की गठबंधन सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था। अब तक की मतगणना के अनुसार, जिन 61 सीटों पर रुझान सामने आए हैं, उनमें से 52 सीटों पर बालेन शाह की पार्टी को भारी बढ़त हासिल है। इसके विपरीत, नेपाल की पारंपरिक रूप से सबसे बड़ी पार्टियां नेपाली कांग्रेस केवल 5 और यूएमएल मात्र 4 सीटों पर सिमटती नजर आ रही हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली समेत कई पूर्व उप-प्रधानमंत्री और कद्दावर मंत्री अपनी-अपनी सीटों पर काफी पीछे चल रहे हैं। बालेन शाह, जो खुद झापा-5 सीट से चुनावी मैदान में हैं, अब प्रधानमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार के रूप में उभर रहे हैं। नेपाल के कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण रहा और लगभग 60 फीसदी वोटर्स ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नेपाल की जटिल चुनावी प्रणाली के तहत कुल 275 सीटों के लिए मतदान हुआ है, जिसमें 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान और 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व (पीआर) प्रणाली से चुने जाएंगे। 2022 में गठित आरएसपी ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान, सुशासन और राजनीति में पीढ़ीगत परिवर्तन जैसे मुद्दों को उठाकर युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया है। भारत भी इस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सफल चुनाव आयोजन के लिए नेपाल सरकार और वहां की जनता को बधाई दी है। नेपाल में पिछले 18 वर्षों में 14 सरकारें बदल चुकी हैं, जो वहां की राजनीतिक अस्थिरता को दर्शाता है। ऐसे में नई शक्ति के रूप में उभरे बालेन शाह से जनता को एक स्थिर और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की उम्मीद है। चुनाव आयोग के अनुसार, 65 राजनीतिक दलों ने इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लिया है, जिसके अंतिम परिणाम नेपाल की राजनीति की नई दिशा तय करेंगे। वीरेंद्र/ईएमएस/06मार्च2026