कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता में वोटर रोल से नाम हटाने के खिलाफ धरना देना शुरु किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से मनमाने तरीके से नाम हटाए जा रहे हैं। इस विरोध के दौरान ममता ने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग बंगाली मतदाताओं को वोट देने से रोकने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस साजिश को बेनकाब करेंगी। टीएमसी प्रमुख और राज्य की मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि संशोधित वोटर सूची में कई मतदाताओं को गलत तरीके से मृत घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसतरह के लोगों को वे धरना स्थल पर लाकर दिखाएगी, जिन्हें चुनाव आयोग ने मृतक के रूप में दर्ज किया है। यह धरना दोपहर करीब 2:15 बजे शुरू हुआ। प्रदर्शन राज्य में चुनाव आयोग के पूरे दल के प्रस्तावित दौरे से दो दिन पहले हो रहा है। इसकी घोषणा पहले टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने की थी। 28 फरवरी को चुनाव आयोग ने पोस्ट-एसआईआर के बाद संशोधित वोटर लिस्ट जारी की थी। इसके बाद सत्तारूढ़ टीएमसी और चुनाव आयोग के बीच टकराव तेज हो गया है। आशीष दुबे / 06 मार्च 2026