क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी में नए कुलपति के चयन को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। 3 मार्च को आयोजित इंटरव्यू में शॉर्टलिस्ट किए गए 20 उम्मीदवारों में से केवल 16 ही शामिल हुए। चयन समिति ने इंटरव्यू के बाद अंतिम पैनल तैयार कर इसे कुलाधिपति एवं राज्यपाल को सौंप दिया है। अब राज्यपाल की स्वीकृति के बाद नए कुलपति की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की जाएगी। माना जा रहा है कि अगले एक महीने के भीतर विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल सकता है। इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद अकादमिक और प्रशासनिक हलकों में संभावित नामों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार पैनल में शामिल कुछ नामों में इस बार छत्तीसगढ़ के लोकल प्रोफेसर भी शामिल हैं। हालांकि पैनल में शामिल नामों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। स्थानीय व बाहरी उम्मीदवारों पर संतुलन प्रारंभिक शॉर्टलिस्टिंग के दौरान कई वरिष्ठ शिक्षाविदों के नाम चर्चा में थे, लेकिन अंतिम इंटरव्यू सूची में कुछ प्रमुख नाम शामिल नहीं हो पाए। प्रदेश में हाल के वर्षों में कुलपति नियुक्तियों में बाहरी राज्यों के शिक्षाविदों की संख्या अधिक रहने को लेकर भी बहस होती रही है। ऐसे में इस बार स्थानीय और बाहरी उम्मीदवारों के बीच संतुलन को लेकर भी चर्चा जारी है। शॉर्टलिस्ट किए गए 20 नामों में लगभग आधे उम्मीदवार छत्तीसगढ़ से रहे, वहीं पैनल में भी लोकल प्रोफेसर को जगह मिली है। 22 फरवरी को समाप्त हो चुका कार्यकाल 22 फरवरी को प्रो. ए.डी.एन. वाजपेयी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। कुलपति चयन की प्रक्रिया में अंतिम पैनल में शामिल होना ही सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है। पैनल में स्थान मिलने के बाद अंतिम निर्णय कुलाधिपति स्तर पर लिया जाता है। पूर्व में कई मामलों में चयन समिति की बैठक के तुरंत बाद नियुक्ति आदेश जारी हो जाते थे, लेकिन हाल के वर्षों में अंतिम निर्णय में कुछ समय लगने की प्रवृत्ति भी देखने को मिली है। मनोज राज 07 मार्च 2026