ट्रेंडिंग
07-Mar-2026
...


कांग्रेस अवैध अतिक्रमण और घुसपैठियों को बचाने में लगी हरिद्वार,(ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित उत्तराखंड सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शनिवार को शामिल हुए। इस मौके पर जनसभा को संबोधित कर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवभूमि को संवार रहे हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शाह ने फिर कहा कि केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चुन-चुनकर भारत से बाहर किया जाएगा। इसके पहले केंद्रीय मंत्री शाह एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे हैं। देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने ई-0 एफआईआर प्रणाली की शुरुआत की और 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जिसके बाद सीएए के तहत 3 पाकिस्तानी और 1 अफगानिस्तानी शरणार्थी को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे। कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग जिलों से भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और साधु-संत बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। बीजेपी के चाणक्य शाह ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य में 10 हजार से ज्यादा अतिक्रमण हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी पूरी ऊर्जा घुसपैठियों को बचाने में लगा रही है, जबकि भाजपा सरकार अवैध अतिक्रमण और घुसपैठ के खिलाफ सख्त एक्शन ले रही है। केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि आने वाले समय में इसका सबसे बड़ा फायदा देवभूमि उत्तराखंड को होगा। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चुन-चुनकर भारत से बाहर खदेड़ा जाएगा। शाह ने कहा कि आज मुख्यमंत्री धामी की सरकार चार साल पूरे कर रही है और भाजपा सरकार के भी नौ साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे इस सरकार के माध्यम से उत्तराखंड की जनता को बताना चाहते हैं कि एक समय ऐसा था, जब यह राज्य अपनी पहचान और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा था। शाह ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति को बचाने के लिए यहां के युवाओं ने संघर्ष किया, लेकिन उस समय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राज्य के युवाओं को दबाने का काम किया। आशीष दुबे / 07 मार्च 2026