गुरुग्राम (ईएमएस)। गुरुग्राम के फरुखनगर स्थित तिरपड़ी गांव में सिंचाई करते समय किसान सुरेंद्र कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। खेत में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन काफी नीचे लटकी हुई थी, जिससे एल्युमिनियम पाइप छूने से यह हादसा हुआ। बिजली निगम की लापरवाही से फरुखनगर के तिरपड़ी गांव में रहने वाले एक किसान की जान चली गई। 11 हजार वोल्ट की लाइन खेत से काफी नीचे से गुजरी हुई थी, इसे सही कराने के लिए लोगों ने कई बार शिकायत दी थी। लेकिन निगम ने सुनवाई नहीं की। शुक्रवार को सिंचाई के दौरान एल्यूमिनियम पाइप तार से टकरा गई और किसान की करंट लगने से मौत हो गई। परिवार की शिकायत पर फरुखनगर थाना पुलिस ने बिजली निगम के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृत व्यक्ति की पहचान तिरपड़ी गांव के रहने वाले 42 वर्षीय सुरेंद्र कुमार के रूप में की गई। इनके भतीजे राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह और उनके चाचा सुरेंद्र कुमार शुक्रवार दोपहर गांव में गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहे थे। खेत में उन्होंने स्पिंकलर लगाया हुआ है। जिसकी पाइप एल्युमिनियम की है। सिंचाई के दौरान जब उनके चाचा सुरेंद्र कुमार पाइपलाइन को चेंज करने के लिए दूसरी जगह ले जा रहे थे, उसी दौरान पाइप खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली तारों से टकरा गई।