राज्य
07-Mar-2026
...


जालसाज अमित खम्परिया पर उमरिया में नई FIR जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर और आसपास के जिलों में सक्रिय जालसाज अमित खम्परिया के खिलाफ पुलिस ने एक और मामला दर्ज किया है। इस बार उस पर लोक निर्माण विभाग को फर्जी दस्तावेज देकर धोखा देने का आरोप है। उमरिया जिले के कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं 420, 467, 468 और 471 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2009 में सोनमसीरा घाट पथकर पुल का ठेका लेने के लिए आरोपी ने यूनियन बैंक की 2 लाख 80 हजार रुपए की फर्जी एफडीआर जमा की थी। जब विभाग ने बैंक से सत्यापन कराया तो बैंक ने ऐसी कोई एफडीआर जारी न करने की बात कही। शिकायतकर्ता सचिन गुप्ता की शिकायत पर एसपी के निर्देश के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। टोल प्लाजा के नाम पर ठगी .. अमित खम्परिया पर टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर भी करोड़ों की ठगी करने का आरोप है। उत्तर प्रदेश के बेलोन टोला टोल प्लाजा में हिस्सेदारी दिलाने के नाम पर घनेंद्र सिंह राघव और सचिन गुप्ता से करीब 1.21 करोड़ रुपए लेने का मामला सामने आया है। निवेशकों द्वारा पैसा वापस मांगने पर आरोपी द्वारा धमकी देने की भी शिकायत है। इस मामले में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के आधार पर जांच जारी है। संजीवनी नगर थाने में भी आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज है। चार जिलों में दर्ज हैं 14 मामले......... पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जबलपुर, कटनी, उमरिया और मंडला जिलों में कुल 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, अवैध उत्खनन, चोरी, साजिश और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। मंडला जिले में उसे और उसके परिजनों को 5-5 साल की सजा भी सुनाई जा चुकी है। फिलहाल आरोपी पुराने मामलों में जेल में बंद है। नए खुलासों के बाद पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। साथ ही उसकी संपत्ति और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, ताकि ठगी गई रकम की बरामदगी की जा सके।