क्षेत्रीय
07-Mar-2026
...


फार्म हाउस पर दोस्तों के साथ होली खेलने पहुंची युवती के साथ मनचले ने की छेडछाड़ भोपाल(ईएमएस)। कजलीखेड़ा थाना इलाके में एक फार्म हाउस पर दोस्तों के साथ होली खेलने पहुंची युवती के साथ मनचले ने छेडछाड़ कर दी। युवती ने जब उसे लगातार घूरने से मना किया तब मनचले ने उससे विवाद करते हुए गाली-गलौज कर दी। बाद में युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हबीबगंज इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया की वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। कजलीखेड़ा इलाके में उसका फार्म हाउस है। होली वाले दिन उसने अपने दोस्तों को फार्म हाउस पर होली खेलने के लिए बुलाया था। दोपहर करीब एक बजे वह फार्म हाउस के बाहर रास्ते पर खड़े होकर फोन पर दोस्तों को रास्ता बता रही थी। इसी दौरान वहां से निकल रहा एक स्कूटर चालक रुका और उसे लगातार घूरने लगा। पहले तो युवती ने उसे नजर अंदाज किया, लेकिन जब काफी देर हो गई तब युवती ने उसे वहॉ से जाने के लिये कहा। उसकी बात पर स्कूटर सवार वहॉ से जाने के बजाय युवती के पास पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा। युवती ने जब उसका फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश की तब आरोपी युवक वाहन लेकर मौके से भाग गया। बाद में गुरुवार रात को युवती ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है, कि आरोपी के वाहन नंबर की जानकारी मिल गई है, जिसके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।