07-Mar-2026
...


* स्थानीय निवासियों ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज * पथराव में गर्भवती महिला हुई घायल, कुल 31 कंस्ट्रक्शन को उमनपा ने हटाया उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर एवं अंबरनाथ की सीमा पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सुशोभीकरण कार्य को लेकर एकता नगर इलाके में शनिवार को उल्हासनगर महानगर पालिका द्वारा बड़ी तोड़क कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही के दौरान 30 घरों को हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही स्थानीय रहवासियों ने इसका भरपूर विरोध जताया और वहां जमकर हंगामा दिखा। आलम यह रहा कि आक्रोशित लोगों को वहां से हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान हुए पथराव में एक गर्भवती महिला घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उल्हासनगर मनपा की तोडू कार्रवाई की टीम शनिवार सुबह पुलिस के कड़े बंदोबस्त के साथ मौके पर पहुंची। जैसे ही घरों को तोड़ने की कार्यवाही शुरू हुई, वहां मौजूद नागरिकों ने इसका जमकर जोरदार विरोध किया। उनका कहना था कि पहले उन्हें रहने का वैकल्पिक जगह उपलब्ध करवाया जाए और उन्हें पुनर्वसित करने के लिए लिखित आश्वासन दिया जाए। बिगड़ते हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। मगर जब आक्रोशत लोगों का हंगामा बढ़ता गया तब पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं एक महिला तो जबरन वहां ट्रक में जा चढ़ी जिन्हें नीचे उतारने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं स्थानीय लोगों के साथ पुलिसकर्मियों की धक्का मुक्की भी हुई। इस संबंध में मनपा के सहायक आयुक्त गणेश शिंपी ने बताया कि जिन घरों पर कार्रवाई की जा रही है उन्हें करीब एक साल पहले ही नोटिस जारी कर दी गई थी। बावजूद इसके लोगों ने घर खाली नहीं किया जिसके कारण आज पुलिस बंदोबस्त के साथ यह कार्रवाई करनी पड़ रही है। * कुल 31 कंस्ट्रक्शन को उमनपा ने हटाया अंबरनाथ नगर परिषद ने अंबरनाथ में प्राचीन शिव मंदिर इलाके को विकसित करने का प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत, उल्हासनगर जाने वाली मौजूदा सड़क पर मेन ब्रिज से आगे वालधुनी नदी के किनारे के सीवेज ड्रेन को डायवर्ट करने के लिए, उल्हासनगर मनपा प्रभाग समिति क्रमांक 4 इलाके में कुल 31 कच्चे और पक्के कंस्ट्रक्शन विकास के काम से प्रभावित हो रहे हैं। इसलिए शनिवार दिनांक 7 मार्च को, प्रभाग समिति क्रमांक 4 के इलाके में शिव मंदिर के पास, एकता नगर, कैलाश कॉलोनी, उल्हासनगर-421005 में कुल 31 कंस्ट्रक्शन, जिनमें 30 पक्के कंस्ट्रक्शन (मकान) और 01 दुकान शामिल हैं, को हटा दिया गया है। उल्हासनगर मनपा आयुक्त मनीषा आव्हाले के मार्गदर्शन के मुताबिक, प्रभाग समिति क्रमांक 4 की सहायक मनपा आयुक्त अलका पवार ने पुलिस सुरक्षा के साथ कार्रवाई को अंजाम दी है। इस कार्रवाई के दौरान प्रभाग समिति क्रमांक 2 के सहायक मनपा आयुक्त गणेश शिंपी के साथ ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे। इस बात की जानकारी मनपा की सहायक आयुक्त अलका पवार ने दी। संतोष झा- ०७ मार्च/२०२६/ईएमएस