राज्य
08-Mar-2026
...


- SI अनीता उइके थानों को आवंटित करती हैं हथियार मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले में एसआई अनीता उइके ने मध्यप्रदेश पुलिस की पहली महिला शस्त्रागार प्रभारी के रूप में पहचान बनाई है। छिंदवाड़ा जिले के रोहनाकला गांव की मूल निवासी अनीता वर्तमान में मंडला पुलिस विभाग के शस्त्रागार की कमान संभाल रही हैं। वर्ष 2018 में उनका चयन उपनिरीक्षक के रूप में शस्त्रागार शाखा में हुआ था। यह पद अत्यंत संवेदनशील और जिम्मेदारी भरा होता है, जिसमें हथियारों की सुरक्षा, रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण और गोपनीयता बनाए रखना शामिल है। एसआई अनीता उइके पुलिस विभाग की गाइडलाइन के अनुसार जिले के विभिन्न थानों और चौकियों को शस्त्र आवंटित करती हैं। इसके अतिरिक्त, वे शस्त्रागार में रखे हथियारों की निगरानी, मरम्मत, साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाती हैं। अनीता उइके ने पॉलिटेक्निक कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है। उन्होंने बताया कि तकनीकी कार्यों में उनकी रुचि के कारण ही उन्होंने शस्त्रागार उपनिरीक्षक पद के लिए आवेदन किया और इसमें सफल रहीं। प्रदेश के 55 जिलों में मंडला एकमात्र ऐसा जिला है जहां शस्त्रागार प्रभारी के रूप में एक महिला अधिकारी पदस्थ हैं। यह स्थिति मंडला पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने कहा कि मंडला पुलिस परिवार के लिए यह गर्व का विषय है कि आर्म्स शाखा की प्रभारी प्रदेश की एकमात्र महिला उपनिरीक्षक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।