राष्ट्रीय
10-Mar-2026
...


राहुल गांधी का आरोप पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चर्चा से भाग रही सरकार नई दिल्ली,(ईएमएस)। बजट सत्र के दूसरे चरण के दूसरे दिन, मंगलवार को संसद में विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच तीखी झड़प देखने को मिली। विपक्षी सांसदों ने संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टर पकड़े हुए थे, इन पोस्टर पर लिखा था प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं और जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ तस्वीरें थीं। इस विरोध में वे सांसद भी शामिल थे जिन्हें बजट सत्र के पहले चरण में असभ्य व्यवहार के कारण निलंबित किया था। सदनों की कार्यवाही शुरू होने पर, भाजपा सांसद संध्या राय ने लोकसभा की अध्यक्षता की और उच्च सदन में अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन ने कार्यवाही संभाली। विपक्षी सांसदों ने सदन में तख्तियां दिखाई और जोरदार नारे लगाए। इसके पहले, लोकसभा में विपक्षी नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पश्चिम एशियाई संकट पर चर्चा से भाग रही है। उनका कहना था कि इससे खुलासा होगा कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका और इज़राइल के साथ किस तरह समझौते कर चुके हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यह संकट देश की अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। तेल की कीमतों में वृद्धि और शेयर बाजार पर प्रभाव जैसे मुद्दे सीधे जनता को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि पश्चिम एशिया और आर्थिक तबाही जनता के लिए महत्वपूर्ण हैं, तब केंद्र सरकार इस पर चर्चा क्यों टाल रही है। सत्र में विपक्षी सांसदों की इस सक्रियता ने साफ कर दिया कि बजट सत्र सिर्फ वित्तीय मुद्दों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विदेश नीति और आर्थिक असर जैसे संवेदनशील विषयों पर भी जनता के सामने बहस होगी। आशीष दुबे / 10 मार्च 2026