राष्ट्रीय
10-Mar-2026


अंबेडकरनगर(ईएमएस)। यूपी के अंबेडकरनगर में मंगलवार को मधुमक्खियों के हमले में एक श्रद्धालु की मौत हो गई। जबकि, कई लोग घायल हो गए। उन्हें आनन फानन सीएचसी पहुंचाया गया। ये सब लोग औघड़ बाबा में मेला देखने आए थे। घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के नर्सरी बाजार स्थित औघड़ बाबा स्थान की है। यहां मंगलवार को मेला लगता है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन को पहुंचते हैं। मंदिर परिसर स्थित एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड निकला और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान जैतपुर के राजापुर कुठमा निवासी संतराम (55) समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बसखारी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने संतराम को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी यशोदा देवी ने बताया कि बाबा के दर्शन के दौरान मधुमक्खियों ने काट लिया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। एसओ सुनील पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य का इलाज कराया जा रहा है। विनोद उपाध्याय / 10 मार्च, 2026