राष्ट्रीय
10-Mar-2026


जयपुर(ईएमएस)। राजस्थान में मंगलवार को पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मेल के जरिए दी गई। जयपुर कार्यालय में आई इस धमकी में सभी पासपोर्ट ऑफिस को खाली करने की बात कही गई थी। जयपुर रीजनल ऑफिस की मेल पर आईएसआई के नाम से भेजे गए ईमेल में लिखा- दोपहर 1 बजे बम ब्लास्ट होंगे। सूचना पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एहतियातन संबंधित कार्यालयों को खाली करवा दिया गया। जयपुर के ऑर्बिट मॉल के पासपोर्ट सेवा केंद्र और झालाना स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस में एक घंटे तक सर्च चला। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को अंदर नहीं जाने दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों को ऑफिसों में किसी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके अलावा सीकर, जैसलमेर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा, पाली, चित्तौडग़ढ़, श्रीगंगानगर, नागौर, झालावाड़ जिलों में भी सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्तों, डिविल डिफेंस, डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया है। हालांकि कहीं भी सर्च में संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। विनोद उपाध्याय / 10 मार्च, 2026