क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


- कछपुरा ब्रिज पर रुपयों भरा बैग थामते पुलिस ने दबोचा : 2 साथी भी पकड़े गए जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर शहर के एक चिकित्सक को रेप और पाक्सो एक्ट में फंसाने की धमकी देते हुए 37 लाख रुपए की मांग करने के बाद 10 लाख रुपए लेते अपने आप को एक निजी चेनल का रिपोर्टर बताने वाले युवक और उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार किया है| प्राप्त जानकारी के अनुसार संजीवनीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले डॉक्टर अमित खरे को कथित निजी चेनल के रिपोर्टर प्रवीण सिंह ने एक लड़की द्वारा उनके खिलाफ रेप और पाक्सो एक्ट के तहत एफआईआर की तैयारी किए जाने और उक्त मामला सलटाने का आश्वासन दे 37 लाख रुपए की मांग रखी| बाद में लगातार बातचीत के बाद प्रवीण सिंह 10 लाख रुपए लेने तैयार हुआ था| इस मामलें में की शिकायत डॉ अमित खरे ने पुलिस को की| इसी शिकायत पर जब कथित रिपोर्टर प्रवीण सिंह तय बातचीत के मुताबिक मंगलवार रात कछपुरा ब्रिज पर पहुंचा और डॉ खरे से रुपयों भरा बैग अपने हाथ में लिया कि पहले से तैयार पुलिस बल ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया| प्रवीण स्कार्पियो से अपने दो मित्रों सहित पहुंचा था| पुलिस ने उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया| वाहन की तलाशी में एक निजी न्यूज चैनल का माइक, आईडी और शराब की बोतल बरामद की गई है| डॉ अमित खरे ने जो शिकातय दी थी उसके मुताबिक एक निजी चेनल का रिपोर्टर बताकर प्रवीण सिंह ने 27 फरवरी को पहली बार उन्हें कॉल किया| इसके बाद व्हाटसएप पर कॉल से बातचीत शुरु हुई| इस दौरान उसने डॉ खरे के मित्र अभिषेक पांडे से अपना परिचय होने की भी जानकारी दी| 28 फरवरी को प्रवीण सिंह ने उन्हें पुन: कॉल कर बताया कि एक लड़की उनके (डॉ खरे) के खिलाफ रेप की एफआईआर करने की तैयारी में है और वह उसे रुकवा सकता है| इसके बाद एक मार्च को उसने फिर कॉल किया और बताया कि वह लड़की नागपुर की रहने वाली है, यदि बचना है तो 37 लाख रुपए की व्यवस्था कर लो| बाद में 25 लाख और फिर, 10 लाख में यह सौदा तय हुआ| यहां डॉ खरे को संदेह हुआ और उन्होंने पूरे मामलें से पुलिस को अवगत कराया| सौदा तय होने के बाद आरोपी ने 9 मार्च को पुन: कॉल कर 10 लाख रुपए लेकर मंगलवार की रात कछपुरा ब्रिज पर मिलने की बात तय की| प्रवीण सिंह के बताए अनुसार डॉ खरे एक बैग में पूरी रकम पहुंचे और यहां स्कार्पियों में प्रवीण सिंह अपने दो साथियों के साथ पहुंचा था, इसी दौरान वह पहले से तैयार पुलिस के हत्थे चढ़ गया| अजय पाठक / मोनिका / 11 मार्च 2026/ 01.43