राज्य
11-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाकर सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बना रही है। वर्तमान में 4000 से अधिक बसें चल रही हैं, और साल के अंत तक 7500 का लक्ष्य है। दिल्ली में साफ और बेहतर सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए सरकार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ा रही है। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने मंगलवार को परिवहन विभाग और दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के कामकाज की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार, चार्जिंग व्यवस्था और नए बस टर्मिनल जैसे कई अहम प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल दिल्ली में 4000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इसी महीने 200 नई इलेक्ट्रिक बसें और सड़कों पर उतारी जाएंगी। इसके साथ ही सरकार का लक्ष्य है कि साल के अंत तक दिल्ली में करीब 7500 इलेक्ट्रिक बसें हो जाएं। इससे प्रदूषण कम करने और लोगों को बेहतर सफर की सुविधा देने में मदद मिलेगी। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार का फोकस साफ और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन पर है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से न सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि यात्रियों को भी आरामदायक यात्रा मिलेगी। बैठक में यह भी बताया गया कि दिल्ली के 44 बस डिपो में पहले से ही इलेक्ट्रिक चार्जिंग की व्यवस्था बनाई जा चुकी है। इसके अलावा पीएम ई-ड्राइव फेज-1 और फेज-2 योजना के तहत 36 और डिपो में चार्जिंग नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में और ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें आसानी से चलाई जा सकेंगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/11/मार्च /2026