अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जेतलपुर स्वामीनारायण मंदिर के द्विशताब्दी महोत्सव ‘अवसर’ में कहा कि आज जेतलपुर धाम की स्थापना के 200 वर्ष पूरे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन भगवान स्वामीनारायण ने स्वयं इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की होगी, वह दिन अत्यंत भव्य और दिव्य रहा होगा। उन्होंने बताया कि भगवान स्वामीनारायण द्वारा स्वयं प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापित किए गए नौ मंदिरों में जेतलपुर का मंदिर पाँचवाँ था। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी भारत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया। भूपेंद्र पटेल ने यह भी कहा कि स्वामीनारायण संप्रदाय का सामाजिक समरसता स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज से कुरीतियों और अंधविश्वास को दूर करने का बड़ा कार्य भगवान स्वामीनारायण ने किया था और आज भी इस संप्रदाय के साधु-संत उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। स्वामीनारायण संप्रदाय के साधु-संतों और हरिभक्तों ने हमेशा राष्ट्रहित की भावना के साथ सेवा कार्य किए हैं। इस अवसर पर तेजेन्द्रप्रसादजी महाराज ने कहा कि धर्म में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन जब राजनीति में धर्म के मूल्यों का पालन किया जाता है तो वह शोभा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा राजनीति में धर्म के मूल्यों को महत्व दिया है। उन्होंने यह भी आशीर्वाद दिया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात की जनता और अधिक सुखी और समृद्ध बने। कार्यक्रम में आचार्य कौशलेन्द्रप्रसाद महाराज, लालजी महाराज, स्थानीय विधायक बाबूभाई जे. पटेल, कालूपुर और जेतलपुर धाम के वरिष्ठ स्वामी सहित स्वामीनारायण संप्रदाय के साधु-संत और बड़ी संख्या में हरिभक्त उपस्थित रहे। सतीश/11 मार्च