* बदनामी का डर दिखाकर 2.5 साल तक ब्लैकमेलिंग; असली गहनों की जगह नकली रखवा दिए बैंक लॉकर में, दो आरोपी गिरफ्तार सूरत (ईएमएस)| शहर के पॉश माने जाने वाले अठवालाइन्स इलाके में एक चौंकाने वाला हनीट्रैप का मामला सामने आया है। यहां एक अधेड़ व्यक्ति को उसके ही परिचितों ने प्रेमजाल में फंसाकर उसका निर्वस्त्र वीडियो बना लिया और फिर उसे वायरल करने तथा रेप केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये और भारी मात्रा में सोना-चांदी ऐंठ लिया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति को उसके परिचित मेहुल जडिया, विनोद मनानी और यूसुफ चोकसी ने भरोसे में लिया था। करीब ढाई साल पहले तीनों आरोपी उसे बहाने से बारडोली-पलसाणा हाईवे पर ले गए। वहां पहले से रची गई साजिश के तहत एक अज्ञात युवती के साथ उसका निर्वस्त्र वीडियो बना लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। बदनामी के डर से घबराए पीड़ित ने आरोपियों की मांगें मान लीं। आरोपियों ने पीड़ित के पिता के नाम पर मौजूद 39 लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट तुड़वा ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की पत्नी, दादी और पुत्रवधू के करीब 130 तोला (करीब 1 किलो 300 ग्राम) सोने के गहने और लगभग 5 किलो चांदी भी जबरन अपने कब्जे में ले लिए। परिवार को लंबे समय तक शक न हो, इसके लिए आरोपियों ने असली गहनों जैसे दिखने वाले हूबहू नकली गहने बनवाए और पीड़ित से उन्हें बैंक के लॉकर में रखवा दिया। हाल ही में जब पीड़ित के बेटे को इस मामले की जानकारी मिली और उसने जांच की, तब पूरे घोटाले का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। सतीश/11 मार्च