मनोरंजन
13-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड प्रोड्यूसर-एक्टर कपल रवि दुबे और सरगुन मेहता अपनी प्रोडक्शन कंपनी ड्रीमियाटा इंटरटैनमेंट के जरिए लगातार अलग तरह के कंटेंट पर काम कर रहे हैं। यह जोड़ी अब एक और बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी में जुट गई है। ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट जल्द ही एक महत्वाकांक्षी पैन-इंडिया पंजाबी फिल्म बनाने जा रहा है, जिसमें सरगुन मेहता मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। एक इंटरव्यू के दौरान रवि दुबे ने कहा कि इस फिल्म की कहानी पंजाब की पृष्ठभूमि से निकलेगी, लेकिन इसे पूरे देश के दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। रवि दुबे ने कहा कि अभी प्रोजेक्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती, लेकिन यह एक बड़ी पैन-इंडिया फिल्म होगी और इसमें सरगुन मेहता लीड रोल में दिखाई देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रोजेक्ट को लेकर पूरी टीम बेहद उत्साहित है और इसे बड़े स्तर पर बनाने की योजना है। रवि दुबे के मुताबिक उनकी टीम इस फिल्म के जरिए एक ऐसे जॉनर को सामने लाने की कोशिश कर रही है, जिसे भारतीय सिनेमा में अब तक पूरी तरह से एक्सप्लोर नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी का मुख्य ढांचा तैयार हो चुका है और स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इसके साथ ही फिल्म के एसेट्स और म्यूजिक से जुड़े काम भी शुरू कर दिए गए हैं। रवि ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को लेकर टीम इतनी उत्साहित है कि कई बार रातों की नींद तक उड़ जाती है, लेकिन इस पूरी क्रिएटिव प्रक्रिया का वे भरपूर आनंद ले रहे हैं। साल 2025 ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट के लिए काफी सफल साबित हुआ। इस बैनर ने पंजाबी सिनेमा की चर्चित और सफल फिल्मों में से एक सुकुन 2 दर्शकों को दी। वहीं सरगुन मेहता फिल्म सरबाला जी में भी मुख्य भूमिका में नजर आईं, जिसे दर्शकों से अच्छा प्रतिसाद मिला। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इस बैनर ने मजबूत पहचान बनाई है। ड्रीमियाटा का यूट्यूब-फर्स्ट प्लेटफॉर्म ड्रीमियाटा ड्रामा लगातार लोकप्रियता हासिल कर रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 1.1 बिलियन से अधिक व्यूज़ और 9 बिलियन मिनट से ज्यादा वॉच टाइम दर्ज किया जा चुका है। इसके अलावा इस बैनर ने टीवी पर भी कई लोकप्रिय शो दिए हैं, जिनमें उडारियां, स्वर्ण घर और जुनूनियत जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसी बीच रवि दुबे अपने अभिनय करियर में भी नया कदम रखने जा रहे हैं। वह जल्द ही एक बड़े पौराणिक प्रोजेक्ट में भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण का किरदार निभाते दिखाई देंगे। सुदामा/ईएमएस 13 मार्च 2026