नई दिल्ली (ईएमएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर रमनदीप सिंह को भरोसा है कि वह इस बार बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। रमनदीप ने कहा कि पिछले एक साल से उन्होंने अपने को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही बल्लेबाजी में निरंतरता लाने का अभ्यास किया है। जिसका भी उन्हें लाभ मिलेगा। रमनदीप के अनुसार टीम के पास शेन वॉटसन और आंद्रे रसेल जैसे कोच हैं जिनसे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है। वॉटसन इस सत्र में केकेआर के साथ सहायक कोच के रूप में जुड़े हैं, जबकि रसेल टीम में पावर कोच की भूमिका में हैं। इसी को लेकर रमनदीप ने कहा कि इन दोनों दिग्गजों का डगआउट में होना टीम के लिए काफी फायदेमंद रहेगा। रमनदीप साल 2024 में केकेआर से जुड़े थे और तभी से टीम के साथ बने हुए हैं। उन्होंने अब तक आईपीएल में 167.9 के स्ट्राइक रेट से 172 रन बनाए हैं और 6 विकेट भी अपने नाम किए हैं।रमनदीप का इस बार घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन रहा है जिससे भी उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने पंजाब की ओर से ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 209 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी के दौरान 9 विकेट भी लिए। रमनदीप ने कहा कि इस सत्र में उनका पूरा ध्यान मैच के अनुसार खेलने पर रहेगा। उन्होंने कहा, मैं हर बार बल्लेबाजी करने जाते समय संभावित हालातों के अनुसार खेलने का प्रयास करता हूं। इसके साथ ही वह पिच के अनुसार खेलने का प्रयास करते हैं। रमनदीप ने कहा कि अगर अवसर मिला तो वह गेंदबाजी में भी अपनी ओर से बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करेंगे। केकेआर ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में पिछले सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी थी। वहीं अब टी का प्रयास इस बार बेहतर प्रदर्शन करना रहेगा। केकेआर लीग में अपना पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से खेलेगी। गिरजा/ईएमएस 13 मार्च 2026