नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने घर-फैक्ट्री में सेंधमारी करने वाले गिरोह के मुखिया दिनेश उर्फ डोरेमोन और उसके साथी सनी को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से चार चोरी की वारदातों का शत-प्रतिशत खुलासा हुआ है और 11 अन्य मामलों में संलिप्तता सामने आई है। घर-फैक्ट्री में सेंधमारी कर चोरी-डकैती डालने वाले गिरोह के मुखिया समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तारी से सेंधमारी की चार वारदात सुलझा लिया है और शत-प्रतिशत रिकवरी भी कर ली है। पुलिस का कहना है कि चोरी के 11 मामलों में गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। गिरोह का मुखिया 19 आपराधिक मामलों में शामिल पायाा गया है। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के बी-ब्लाक में दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक मोटरसाइकिल जा रहे थे, पुलिस को देखकर दोनों व्यक्तियों ने बचने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को तुरंत पकड़ लिया। दोनों की पहचान वजीरपुर के एसएस नगर निवासी दिनेश उर्फ डोरेमोन और सनी के ताैर पर हुई। तलाशी के दौरान दिनेश उर्फ डोरेमोन के कब्जे से एक बटनदार चाकू और सनी से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। उन्होंने बताया कि दोनों सीरियल सेंधमारों की गिरफ्तारी से 11 आपराधिक मामलों के बारे में जानकारी मिली है। चार मामलों में 100 प्रतिशत चोरी की संपत्ति बरामद की है। गिरोह का मुखिया दिनेश उर्फ डोरेमोन चोरी से पहले आवासीय क्षेत्रों और औद्योगिक परिसरों के आसपास छिपकर घूमता था और लक्ष्यों का चयन करता था। दिनेश डोरेमोन थाना अशोक विहार का घोषित बदमाश (बीसी) है, जिसके खिलाफ पूर्व में 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/मार्च/2026