नई दिल्ली (ईएमएस)। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के गर्ल्स हॉस्टल परिसर में 12 मार्च की रात कुछ लड़कों के घुसने और आपस में मारपीट करने का आरोप लगा। छात्र संगठनों ने जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। नई दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल परिसर में 12 मार्च की रात करीब 9.30 बजे कुछ लड़कों के घुसने और आपस में मारपीट करने का आरोप लगा है। हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं का कहना है कि यह सुरक्षा में बड़ी चूक है और ऐसे मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। बताया गया कि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसमें कुछ लड़के आपस में झगड़ते दिख रहे हैं और एक सुरक्षा गार्ड उन्हें परिसर से बाहर करने की कोशिश करता नजर आता है। हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। हॉस्टल में रहने वाली बीए की छात्रा सान्या के अनुसार, 12 मार्च की रात करीब 9.30 बजे पांच से छह लड़के अचानक हॉस्टल परिसर में घुस आए। उस समय कुछ छात्राएं प्रवेश द्वार पर रजिस्टर में एंट्री कर रही थीं, तभी ये लड़के उन्हें धक्का देते हुए अंदर चले गए और आपस में झगड़ने लगे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/मार्च/2026