राज्य
14-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में आयोजित नेपाल फूड एंड कल्चरल फेस्टिवल 2026 में नेपाली व्यंजन, लोक नृत्य और संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में 70 देशों के डिप्लोमेट्स शामिल हुए। दिल्ली में आयोजित नेपाल फूड एंड कल्चरल फेस्टिवल 2026 ने लोगों को नेपाली संस्कृति और स्वाद से रूबरू करा दिया। नेपाल दूतावास के मैदान में हुए इस खास कार्यक्रम में नेपाली व्यंजनों की खुशबू, लोक संगीत और पारंपरिक नृत्य ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में भारतीय मेहमानों के साथ-साथ दुनिया भर के डिप्लोमेट्स ने भी इस आयोजन में हिस्सा लिया। इस फेस्टिवल में करीब 70 देशों के डिप्लोमेट्स को आमंत्रित किया गया था। कई देशों के राजदूत खुद कार्यक्रम में मौजूद रहे, जबकि कुछ देशों की ओर से अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। खास तौर पर कजाकिस्तान, अजरबैजान और उज्बेकिस्तान के डिप्लोमेट्स की मौजूदगी ने कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय रंग दे दिया। कार्यक्रम के मेजबान भारत में नेपाल के राजदूत डॉ. शंकर प्रसाद शर्मा थे, जिन्होंने सभी मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई की मौजूदगी ने इस कार्यक्रम को और खास बना दिया। फेस्टिवल में आए मेहमानों को ममो, सेल रोटी, गुंद्रुक और ढिंडो जैसे पारंपरिक नेपाली व्यंजनों का स्वाद चखने का मौका मिला। इन पकवानों की खुशबू ने पूरे कार्यक्रम में अलग ही माहौल बना दिया। इसके साथ ही नेपाली लोक संगीत और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। कलाकारों ने रंग-बिरंगी पोशाकों में शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा आयोजन जीवंत हो उठा। कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र थापा ने भारतीय लोगों को नेपाल घूमने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर, खूबसूरत पहाड़ और लुंबिनी जैसे पवित्र स्थल लोगों को जरूर देखने चाहिए। उनका कहना था कि जब भारतीय लोग नेपाल आएंगे और वहां की संस्कृति को करीब से देखेंगे, तो दोनों देशों के बीच भाईचारा और भी मजबूत होगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/मार्च/2026