नई दिल्ली (ईएमएस)। हनी सिंह के कॉन्सर्ट के लिए यातायात व्यवस्था बनाई है। IP मार्ग और विकास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा, इसलिए दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक इन मार्गों से बचने की सलाह दी गई है। फेमस रैपर और सिंगर हनी सिंह दिल्ली में म्यूजिक कॉन्सर्ट करने वाले हैं। शनिवार, 14 मार्च को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शाम 4.00 बजे से हनी सिंह का कॉन्सर्ट है, जिसमें शामिल होने के लिए हजारों की तादाद में लोग पहुंचेंगे। यानी कई गाड़ियां, कई लोग और यातायात की समस्या। ऐसे में कॉन्सर्ट के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार किया है, जिससे लोगों को परेशानी से बचाया जा सके। इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में यह कॉन्सर्ट शाम 4.00 बजे से शुरू होकर रात 11.00 बजे तक चलेगा। दिल्ली पुलिस ने जो ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, उसके मुताबिक स्टेडियम के आस-पास की कई सड़कों पर पाबंदियां और डायवर्जन लागू किया गया है। आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। राजघाट से आईपी मार्ग तक जाने वाली सड़क पर भारी वाहनों का आना मना है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/14/मार्च/2026