क्षेत्रीय
14-Mar-2026
...


- पन्नालाल शाक्य के बयान से गरमाया माहौल सिंधिया के मंच से विधायक पन्नालाल का विवादित बोल- बोले- मंदिर के बाहर 10 रुपए की भीख मांगने के लिए नहीं दी है ट्राइसाइकिल गुना (ईएमएस)। शहर के शुभ विदाई गार्डन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम उस समय चर्चा में आ गया, जब स्थानीय विधायक पन्नालाल शाक्य ने मंच से दिव्यांगों को लेकर तल्ख टिप्पणी कर दी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में आयोजित इस सामाजिक अधिकारिता शिविर में विधायक शाक्य ने दिव्यांगों को दी जाने वाली किट और ट्राइसाइकिल के सदुपयोग की नसीहत देते हुए बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। भीख मांगने के लिए नहीं है सरकारी मदद-विधायक विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने संबोधन के दौरान दिव्यांगों को नसीहत देते हुए कहा कि सरकार द्वारा दी जा रही ये ट्राइसाइकिल जीवन में आगे बढऩे का माध्यम है, न कि भिक्षावृत्ति का। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, क्या हम केवल इसीलिए घूम रहे हैं कि ट्राइसाइकिल उठाई और मंदिर या चौराहे के आगे खड़े होकर हाथ फैला रहे हैं कि भगवान के नाम पर 10 रुपये दे दो। इसके लिए सरकार ने ये साइकिल नहीं दी है। विधायक की इस भिखारी वाली टिप्पणी के दौरान मंच पर प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने दिव्यांगों को नसीहत दी कि वे केवल सरकारी मदद पर निर्भर न रहें और सामाजिक हित के बारे में भी सोचें। अपना उदाहरण देकर बोले- मैं बचपन में गूंगा था विवादित बयान के साथ विधायक ने अपनी व्यक्तिगत कहानी साझा कर दिव्यांगों को प्रोत्साहित करने का प्रयास भी किया। उन्होंने बताया कि जन्म के समय उनकी जीभ जुड़ी हुई थी और वे बोल नहीं पाते थे, यानी वे गूंगे थे। विधायक ने कहा कि कुदरत अगर शरीर में कोई कमी देती है, तो वह कोई न कोई श्रेष्ठ प्रतिभा भी प्रदान करती है। उन्होंने चुटीले अंदाज में अपने पुराने इलेक्टेड बनाम सिलेक्टेड वाले बयान का भी जिक्र किया और कहा कि अब उनकी बातें चर्चा का विषय बन जाती हैं। समाज सेवा और पर्यावरण का दिया संदेश शाक्य ने उपस्थित दिव्यांगों से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज के भले के लिए करें। उन्होंने कहा कि समझदार व्यक्ति को सफाई या अच्छे काम के लिए कहने की जरूरत नहीं होती, वह खुद झाडूू उठाकर चल देता है। विधायक ने दिव्यांगों को पानी बचाने और पेड़ लगाने जैसे सामाजिक कार्यों से जुडऩे की सलाह दी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए। -सीताराम नाटानी