अंतर्राष्ट्रीय
15-Mar-2026
...


-3डी दिखाएगा यूसर्ज को सही रास्ता, मोबाइल चार्ज शॉप और कैफे तक भी ले जाएगा वाशिंगटन (ईएमएस)। गूगल मैप की गलत जानकारी की वजह से कई हादसे हुए हैं। कुछ हादसों में तो जान-माल का भी नुकसान हुआ, लेकिन कंपनी ने अब इसका तोड़ निकाल लिया है। गूगल ने अपने डिजिटल मानचित्र मंच ‘गूगल मैप्स’ में बड़े बदलाव की घोषणा कर कहा कि अब यह सेवा लोगों को कहीं जाने की योजना बनाने और वहां पहुंचने का बेहतर तरीका बताने के लिए एआई का ज्यादा इस्तेमाल करेगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गूगल की ‘जेमिनी’ टेक्‍नोलॉजी से ऑपरेटेड इस बदलाव के तहत मैप्स में दो नई एआई आधारित सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। यह फीचर लोगों को उनके रास्‍ते की ज्‍यादा सटीक और सही जानकारी उपलब्‍ध कराएगा। अभी दुनियाभर में 200 करोड़ से ज्यादा लोग इस सेवा का इस्तेमाल करते हैं। कंपनी ने बताया कि जेमिनी के सुझाव 30 करोड़ से ज्यादा स्थानों के डेटाबेस और 50 करोड़ से ज्यादा योगदानकर्ताओं की समीक्षा पर आधारित होंगे। गूगल की ओर से पेश किए गए दो फीचर में से पहली सुविधा ‘आस्क मैप्स’ है, जो यूजर्स को बातचीत के अंदाज में सुझाव देगी। इसके जरिये यूजर मोबाइल चार्ज करने की नजदीकी जगह, कम भीड़ वाले कैफे या कई ठहराव वाली सड़क यात्रा के लिए विस्तृत यात्रा कार्यक्रम जैसी जानकारी पूछ सकेंगे। ‘आस्क मैप्स’ सुविधा शुरुआत में गूगल मैप्स के मोबाइल ऐप पर अमेरिका और भारत में आईफोन एवं एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी। इसे बाद में कंप्यूटर और अन्य देशों में भी शुरू किया जाएगा। दूसरी सुविधा ‘इमर्सिव नेविगेशन’ है, जिसे गूगल ने मैप्स के ड्राइविंग निर्देशों में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव बताया है। यह सुविधा 3डी दृश्य के जरिए यूसर्ज को रास्ते की बेहतर समझ देगी। इसमें जेमिनी द्वारा तैयार 3डी दृश्य में प्रमुख इमारतें, सड़क के बीच बने डिवाइडर और आसपास का भू-भाग भी दिखेगा, जिससे वाहन चालकों को रास्ता समझने में आसानी होगी। इसका मतलब है कि अब पहले की तरह ड्राइवर को रास्‍ते को लेकर कंफ्यूजन नहीं होगा और उसे बेहतर तरीके से रुकावटों का पता चल सकेगा। सिराज/ईएमएस 15 मार्च 2026