सैन फ्रांसिस्को (ईएमएस)। आने वाले समय में लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स व्हाट्सएप कई नए फीचर्स ला सकता है। इन फीचर्स में सब्सक्रिप्शन प्लान, ऐप आइकन और थीम कस्टमाइजेशन, क्लोज फ्रेंड्स स्टेटस लिस्ट, पैरेंटल कंट्रोल और प्रोफाइल कवर फोटो जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल इन फीचर्स की टेस्टिंग बीटा वर्जन में की जा रही है। अगर टेस्टिंग सफल रहती है तो इन्हें धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार व्हाट्सएप एक नया पेड सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू करने की तैयारी में है, जिसे व्हाट्सएप प्लस कहा जा रहा है। इस प्लान के तहत यूजर्स को कुछ अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकती हैं। संभावित फीचर्स में क्लाउड स्टोरेज की सुविधा, एक अकाउंट को चार से ज्यादा डिवाइस में लॉगिन करने का विकल्प और कई नई थीम्स शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा यूजर्स को ऐप के अलग-अलग आइकन चुनने का विकल्प भी दिया जा सकता है, जिससे वे अपने फोन में ऐप का लुक बदल सकेंगे। जल्द ही ऐसा फीचर भी आ सकता है, जिससे यूजर व्हाट्सएप का डिजाइन अपनी पसंद के अनुसार बदल सकेंगे। इस फीचर की मदद से लोग होम स्क्रीन पर दिखने वाले ऐप आइकन का रंग या स्टाइल बदल पाएंगे। इसके साथ ही ऐप के अंदर की थीम को भी कस्टमाइज किया जा सकेगा। यानी चैट स्क्रीन, मेन्यू और अन्य इंटरफेस का लुक यूजर अपनी पसंद के अनुसार सेट कर पाएंगे। फिलहाल यह फीचर बीटा वर्जन में टेस्ट किया जा रहा है। स्टेटस को ज्यादा प्राइवेट बनाने के लिए कंपनी “क्लोज फ्रेंड्स” फीचर पर भी काम कर रही है। अभी यूजर्स अपने स्टेटस को सभी कॉन्टैक्ट्स के साथ शेयर करते हैं या फिर कुछ लोगों से छिपा देते हैं। नए फीचर के आने के बाद यूजर अपने खास दोस्तों या भरोसेमंद लोगों की अलग लिस्ट बना सकेंगे। इसके बाद जब भी वे स्टेटस पोस्ट करेंगे, वह सिर्फ उसी चुनी हुई लिस्ट में मौजूद लोगों को दिखाई देगा। ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप पैरेंटल कंट्रोल फीचर पर भी काम कर रहा है। इस फीचर के जरिए माता-पिता बच्चों के अकाउंट की गतिविधियों को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकेंगे। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फीचर के तहत सेकेंडरी अकाउंट केवल फोन में सेव कॉन्टैक्ट्स को ही मैसेज या कॉल कर पाएगा और उन्हीं से कॉल या मैसेज प्राप्त कर सकेगा। इससे बच्चों के अनजान लोगों से संपर्क करने का जोखिम काफी कम हो सकता है। भविष्य में यूजर्स को प्रोफाइल कवर फोटो लगाने का विकल्प भी मिल सकता है। इस फीचर के जरिए यूजर अपने प्रोफाइल पर एक बड़ा बैनर फोटो लगा पाएंगे। यह फीचर सोशल मीडिया प्रोफाइल जैसा अनुभव देगा और इससे व्हाट्सएप का प्रोफाइल पेज पहले से ज्यादा आकर्षक नजर आ सकता है। अगर ये सभी फीचर्स लॉन्च होते हैं तो व्हाट्सएप का इस्तेमाल करने का अनुभव पहले से ज्यादा बेहतर और पर्सनलाइज्ड हो सकता है। सुदामा/ईएमएस 15 मार्च 2026