मसूरी,(ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव और उनकी बचपन की मित्र वंशिका के विवाह समारोह में अध्यात्म और खेल का अनूठा संगम देखने को मिला। मसूरी के प्रतिष्ठित सेवॉय होटल में आयोजित इस हाई-प्रोफाइल शादी में सबकी नजरें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर टिकी रहीं। बाबा बागेश्वर ने इस खास मौके पर दूल्हे कुलदीप यादव को दो अत्यंत विशेष और आध्यात्मिक उपहार भेंट कर उन्हें जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। विवाह की रस्मों के बीच पहुंचे पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कुलदीप यादव को सबसे पहले बालाजी की पटकी पहनाई, जो सौभाग्य और दैवीय रक्षा का प्रतीक मानी जाती है। इसके साथ ही उन्होंने नवदंपति को बालाजी का भव्य चित्र भेंट किया। उपहार देने के बाद उन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों के बीच वर-वधू पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। उपहारों का यह चयन कुलदीप की आस्था और बाबा बागेश्वर के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है। इस भव्य समारोह में क्रिकेट जगत के कई दिग्गज सितारे भी मौजूद रहे। युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, सुरेश रैना, तिलक वर्मा, मोहम्मद कैफ और भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप ने शिरकत की। शनिवार शाम करीब पांच बजे धूमधाम से बारात निकाली गई, जिसमें मेहमानों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर डांस किया। रात आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे संपन्न हुए, जिसमें कुलदीप और वंशिका पारंपरिक परिधानों में बेहद खुश नजर आए। शादी के मेन्यू में उत्तराखंड की संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। मेहमानों को मंडुवे की रोटी, लाल चावल, गहत की दाल, फाणु, चैंसू, कंडाली का साग और कुमाउंनी रायता जैसे शुद्ध पहाड़ी व्यंजन परोसे गए। साथ ही भांग की चटनी और झंगोरे की खीर ने अतिथियों का स्वाद दोगुना कर दिया। करीब 200 खास मेहमानों की मौजूदगी में संपन्न हुई इस शादी में बाबा बागेश्वर के इन उपहारों और उनकी उपस्थिति ने आध्यात्मिक आभा बिखेर दी, जिसकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/15मार्च2026