- ओमती में वारदात, पड़ोसी दुकानदार पर मामला दर्ज जबलपुर, (ईएमएस)। ओमती थाना अतंर्गत विक्टोरिया अस्पताल के सामने स्थित हितकारिणी मार्केट की एक दुकान में 32 लाख 30 हजार रुपए के तीन चैक चोरी हो गए| घटना 2 फरवरी की बताई गई है| एफआईआर 16 मार्च को दर्ज की गई है| इस घटनाक्रम में सीसीटीव्ही फुटेज पेश किए गए, जिसमें पड़ोस में स्थित इलेक्ट्रानिक दुकान के संचालक माल अपनी दुकान में शिफ्ट करते दिखाई दे रहे हैं| पुलिस ने आरोपी चंद्र कुमार चावला एवं राजा चावला के खिलाफ धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है| ओमती पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचशील नगर गोरखपुर निवासी 36 वर्षीय सुखप्रीत कौर रैत की विक्टोरिया अस्पताल के सामने हितकारिणी मार्केट में होम एपलाइस एवं स्पेयर पार्टस की थोक दुकान में उस वक्त चोरी की घटना हुई, जब वे दिल्ली गई हुई थी| दुकान में उनका भाई हरमीत सिंह और कर्मचारी शुभम झारिया, रेशमा पटैल, पूजा पासी दुकान को देख रहे थे| 2 फरवरी की रात को दुकान बंद करके वे सभी लोग घर चले गए| 3 फरवरी को भाई हरमीत सिंह जब दुकान खोलने पहुंचा तो शटर का ताला खुला था और दुकान के अंदर का सामान नदारद था| 6 फरवरी को हरप्रीत दिल्ली से लौटी और दुकान का स्टॉक चैक किया तो पता चला कि आरओ के 2 बाक्स, इंडक्शन का 1 बाक्स, मिक्सर ग्राइन्डर का 1 बाक्स, शीलिंग फेन के स्टेटर सेमीटोन कम्पनी के 2 बाक्स, कूलर की मोटर के 3 कार्टून, कूलर पम्प के 2 कार्टून, मिक्सी के बुस का 1 कार्टून गायब था इसके अलावा हरे माधव इलेक्ट्रानिक्स द्वारा हरप्रीत के नाम से जारी तीन चैक 11 लाख 80 हजार रूपये एवं 8 लाख 20 हजार रूप्ये तथा 12 लाख 30 हजार कुल 32 लाख 30 हजार रूपये के चैक गायब थे। उसके मोबाइल में हरे माधव इलेक्ट्रानिक्स जो कि उसकी दुकान से लगी हुई है के दुकान मालिक चंद्र कुमार चावला एवं राजा चावला से अच्छे व्यापारिक संबंध होने के कारण उनकी दुकान में लगे सीसीटीव्ही कैमरे का एक्सेस उसके मोबाइल में था तो उसने दुकान के कैमरे चैक किये जिसमें सीसीटीव्ही फुटेज में दिनांक 2 फरवरी के रात लगभग 9 बजे चंद्रकुमार चावला एवं राजा चावला के हरप्रीत की दुकान से उपरोक्त सामग्री अपनी दुकान हरे माधव इलेक्ट्रानिक्स में ले जाकर रखते हुये दिखाई दे रहे हैं। हरप्रीत की लिखित शिकायत की जांच के बाद ओमती पुलिस ने आरोपी चंद्र कुमार चावला एवं राजा चावला के विरूद्ध धारा 305(ए) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। सुनील साहू / मोनिका / 17 मार्च 2026