क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- 501 मीटर लंबी चुनर यात्रा निकाली राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर में मंगलवार को वारुणी योग के अवसर पर गाड़गंगा नदी में कैवल्य योग आश्रम द्वारा दूसरा अमृत स्नान आयोजित किया गया, जिसमें 501 मीटर लंबी चुनर यात्रा निकाली गई और शांतिपूर्ण तरीके से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। सुबह करीब 10:30 बजे बड़े मेला ग्राउंड से 501 मीटर लंबी चुनर यात्रा की शुरुआत हुई। संत डॉ. रघुनाथानंद अवधूत जी महाराज एक सुसज्जित रथ पर सवार होकर निकले। महिलाएं और श्रद्धालु 501 मीटर लंबी चुनर थामे राजगढ़ रोड से बड़े पुल स्थित नदी तठ पहुंचे l गाड़गंगा नदी तट पर संत रघुनाथानंद अवधूत जी विशेष रूप से तैयार की गई नाव में सवार हुए। मेवाड़े मांझी समाज द्वारा संचालित यह नाव अभयपुर मार्ग की दिशा में नदी में प्रवेश कर गई। संत ने माइक से वारुणी योग का महत्व बताते हुए मंत्रोच्चारण के साथ दूसरे अमृत स्नान की शुरुआत की। - सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नदी में लगाई डुबकी स्नान की शुरुआत होने के बाद महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने नदी में आस्था की डुबकी लगाई। आयोजन को लेकर सुबह से ही गाड़गंगा नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। सैकड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने और जयकारों से पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था से सराबोर दिखाई दिया। इस बड़े धार्मिक आयोजन को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीम नाव के साथ नदी में मुस्तैद रही। - 2 अप्रैल को होगा तीसरा अमृत स्नान कैवल्य योग आश्रम के अनुसार, वारुणी पर्व पर आयोजित यह इस वर्ष का दूसरा अमृत स्नान था। तीसरा और अंतिम अमृत स्नान चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर 2 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इस आगामी स्नान को लेकर श्रद्धालुओं के बीच अभी से काफी उत्सुकता देखी जा रही है। -निखिल/राजगढ़/17/3/2026