क्षेत्रीय
17-Mar-2026
...


- डिजिटल भुगतान के लिए यात्रियों को किया प्रोत्साहित जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर एवं मदन महल रेलवे स्टेशनों पर मंडल के स्काउट एवं गाइड्स के सदस्यों द्वारा आकर्षक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेलवन ऐप की उपयोगिता एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान के दौरान स्काउट एवं गाइड्स के सदस्यों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों को रेलवन ऐप डाउनलोड करने, इसका उपयोग करने तथा डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट बुकिंग करने के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। रेलवे द्वारा यात्रियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत तक की छूट की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। यह व्यवस्था प्रायोगिक आधार पर 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक लागू की गई है। पूर्व में रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल आर-वॉलेट से भुगतान करने पर ही 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक मिलता था, लेकिन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब यह लाभ सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों पर उपलब्ध कर दिया गया है। जबलपुर रेल मंडल द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड्स के सदस्य यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, लॉगिन करने तथा टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझा रहे हैं। यात्रियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे आधुनिक और उपयोगी व्यवस्था बताया। इसके अतिरिक्त जबलपुर रेल मंडल द्वारा रेलवन ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए स्टेशनों पर स्टिकर एवं प्रचार सामग्री लगाई जा रही है, साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्वीट एवं पोस्ट के माध्यम से भी यात्रियों को जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा स्थानीय प्रिंट मीडिया एवं डिजिटल मीडिया के माध्यम से भी रेलवन ऐप की जानकारी एवं डिजिटल भुगतान पर मिलने वाली 3 प्रतिशत छूट की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकें। सुनील साहू / मोनिका / 17 मार्च 2026