ग्वालियर ( ईएमएस ) | आमजनों की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। जिसमें नगर निगम ग्वालियर में अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर एवं मुनीश सिकरवार ने आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में वार्ड 56 न्यू विजय नगर आमखो निवासी डॉ. मोहित शर्मा ने सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटवाये जाने के संबंध में, वार्ड 18 एफएल633 डीडी नगर की श्रीमती निशा वर्मा ने बताया कि सीवर लाइन फूट जाने के कारण गंदा पानी क्षेत्र में भर रहा है, आवेदिका ने उक्त समस्या के निदान कराये जाने के संबंध में, वार्ड 65 गिरवाई मुर्गी फार्म के पास के निवासी गणों ने आवेदन देकर बताया कि मुर्गी फार्म के पास शासकीय भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, आवेदकों ने उचित कार्यवाही के संबंध सहित अन्य आवेदनों पर सुनवाई करते हुए अपर आयुक्त ने कुछ समस्याओं का निराकरण त्वरित करते हुए बांकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही जनसुनवाई में पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई, नामांतरण आदि से संबंधित 37 से अधिक आवेेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अपर आयुक्त ने दिए।