मोतिहारी(ईएमएस)। बिहार के मोतिहारी में सोमवार रात 2.30 बजे स्पेशल टास्क फोर्स और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एसटीएफ ने दो बदमाशों को मार गिराया, वहीं एक जवान की मौत हो गई। मुठभेड़ चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में हुई है। मृतक जवान की पहचान श्रीराम यादव के रूप में हुई है। मारे गए अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे हैं। दोनों चकिया थाना इलाके के रहने वाले थे। दोनों पर आम्र्स एक्ट में केस दर्ज थे। बताया जाता है कि कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे ने चकिया थाने के एडिशनल एसएचओ गौरव कुमार को फोन कर धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल ट्रेस करना शुरू किया। पुलिस को जल्द ही फोन करने वालों की लोकेशन मिल गई। पुलिस की टीम और एसटीएफ लोकेशन पर पहुंची और बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरते देख कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे फोर्स पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी होती रही। इसके बाद कुंदन और प्रियांशु की मौत हो गई। हालांकि, उसके कुछ साथी फरार हो गए। विनोद उपाध्याय / 17 मार्च, 2026