इन्दौर (ईएमएस) जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम इंदौर ठेला संगठन की ओर से शहर के हजारों छोटे व्यापारियों के लिए वेंडर सर्टिफिकेट जारी करने और उनके लिए स्थान निर्धारित करने की मांग की करते ज्ञापन भेजा गया। शहर में ठेला-रेहड़ी और छोटे फुटपाथ व्यापारियों की आजीविका को लेकर प्रधानमंत्री के नाम सौंपें ज्ञापन में बताया गया कि स्ट्रीट वेंडर एक्ट 2014 के तहत सड़क किनारे व्यापार करने वाले लोगों को आजीविका का अधिकार दिया गया है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई बार गरीब ठेला रेहड़ी व्यापारियों को बिना उचित प्रक्रिया के हटा दिया जाता है, जिससे उनके रोजगार पर असर पड़ता है। संगठन ने मांग की है कि शहर में सभी ठेला-रेहड़ी व्यापारियों का सर्वे कर उन्हें प्रमाण पत्र ( वेंडर सार्टिफिकेट) जारी किये जाए। साथ ही शहर के विभिन्न स्थानों, पुलों के नीचे और खाली सरकारी जमीनों पर वेंडिंग जोन तय किए जाएं ताकि छोटे व्यापारी व्यवस्थित रूप से अपना व्यवसाय कर सकें। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि जिन स्थानों पर पहले से हाट-बाजार और मेले लगते रहे हैं, वहां फिर से छोटे व्यापारियों को व्यापार की अनुमति दी जाए। इसके अलावा नगर निगम द्वारा गरीब व्यापारियों पर की जाने वाली कठोर और अमानवीय कार्रवाई पर रोक लगाईं जाएं। संगठन का कहना है कि यदि प्रशासन इस विषय को संवेदनशीलता से समझेगा तो हजारों गरीब परिवारों की रोजी-रोटी सुरक्षित हो सकेगी और शहर में भी सुव्यवस्थित व्यवस्था बनी रहेगी। संगठन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम भेजे इस ज्ञापन में अध्यक्ष सेवक राम साहू और राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज चिंदे सोनकर सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। आनंद पुरोहित/ 17 मार्च 2026