राज्य
17-Mar-2026
...


:: यातायात पुलिस ने लागू की नई व्यवस्था; 10 दिन में पंजीयन अनिवार्य, सुरक्षा के लिए पीछे से खुला रखना होगा रिक्शा :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की सड़कों पर बढ़ते ई-रिक्शा के दबाव को कम करने और यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए पुलिस विभाग ने एक बड़ा मास्टर प्लान लागू किया है। पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने ई-रिक्शा संचालन की नई नियमावली का खुलासा किया। इस नई व्यवस्था के तहत अब पूरे शहर को चार ज़ोन या सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहाँ ई-रिक्शा अपनी निर्धारित छत (हूड) के रंग के आधार पर ही संचालित हो सकेंगे। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पारदर्शी व्यवस्था से न केवल शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम की समस्या हल होगी, बल्कि अवैध रूप से चल रहे रिक्शाओं पर भी प्रभावी लगाम लगाई जा सकेगी। नई व्यवस्था के अंतर्गत ज़ोन-1 के ई-रिक्शाओं के लिए नीला, ज़ोन-2 के लिए पीला, ज़ोन-3 के लिए लाल और ज़ोन-4 के लिए सफेद रंग निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रिक्शाओं का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा और यदि किसी मालिक के पास एक से अधिक रिक्शा हैं, तो उन्हें अलग-अलग ज़ोन आवंटित किए जाएंगे ताकि किसी एक विशेष इलाके में वाहनों का जमावड़ा न बढ़े। यात्री सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अब सभी ई-रिक्शाओं को पीछे से खुला रखना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे वाहन के भीतर की गतिविधियां बाहर से साफ दिखाई दे सकें। शहर में संचालित सभी ई-रिक्शा चालकों को अगले 10 दिनों के भीतर अपना पंजीयन कराना होगा, जिसके लिए ज़ोन-1 और 4 के चालकों को ट्रैफिक थाना पश्चिम (महूनाका) तथा ज़ोन-2 व 3 के चालकों को ट्रैफिक थाना पूर्व (एमटीएच कंपाउंड) में संपर्क करना अनिवार्य है। विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि 10 दिन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद बिना पंजीयन और निर्धारित कलर कोड के सड़क पर उतरने वाले ई-रिक्शाओं के विरुद्ध कड़ी वैधानिक और चालानी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद बैटरी ई-रिक्शा संघ के अध्यक्ष राजेश बिडकर और अन्य प्रतिनिधियों ने भी पुलिस प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया है। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इस सेक्टर वितरण का मुख्य उद्देश्य ई-रिक्शा संचालन को सुरक्षित, सुलभ और पारदर्शी बनाना है। यातायात पुलिस ने आम जनता और रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे इंदौर को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने में इस नई व्यवस्था का पूर्णतः पालन करें ताकि यातायात व्यवस्था को आदर्श स्वरूप दिया जा सके। प्रकाश/17 मार्च 2026