मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक आदित्य धर की धुरंधर-2 फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसके ट्रेलर व गानों ने पहले ही सोशल मीडिया पर अच्छा खासा बज बना दिया है। पिछले साल रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय खन्ना, रनवीर सिंह, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे सितारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म की कहानी और एक्शन के साथ-साथ इसके गाने भी काफी चर्चा में रहे थे। खास बात यह रही कि फिल्म में कई पुराने लोकप्रिय गीतों को नए अंदाज में पेश किया गया था। हाल के वर्षों में बॉलीवुड में क्लासिक गानों को रीमिक्स और रीमेक के रूप में पेश करने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है, और ‘धुरंधर’ ने भी इसी फॉर्मूले को अपनाया था। फिल्म का टाइटल ट्रैक भी काफी लोकप्रिय हुआ था, जिसमें पंजाबी लोक संगीत और मॉडर्न हिप-हॉप का अनोखा मिश्रण सुनने को मिला। यह गाना फिल्म के प्रमोशन का अहम हिस्सा बना था। फिल्म में कुल छह गाने शामिल थे, लेकिन अलग-अलग वर्जन और रीमिक्स के कारण दर्शकों को कुल 11 म्यूजिक ट्रैक सुनने को मिले, जिनमें कई क्लासिक गीतों का नया रूप देखने को मिला। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा पुराने मशहूर गाने ‘हवा हवा’ के रीमेक की हुई। करीब 40 साल पुराने इस गीत को फिल्म में ईडीएम म्यूजिक और कैची बीट्स के साथ नए अंदाज में पेश किया गया था, जिसे युवा दर्शकों ने काफी पसंद किया। इस गाने का मूल संस्करण साल 1987 में रिलीज हुआ था और इसे पाकिस्तानी पॉप सिंगर हसन जहांगीर ने गाया था। हाल ही में एक पाकिस्तानी टीवी शो में बातचीत के दौरान हसन जहांगीर ने बताया कि ‘धुरंधर’ के मेकर्स ने गाने के इस्तेमाल के लिए उनसे अनुमति ली थी और इसके बदले उन्हें 50 हजार डॉलर, यानी लगभग 46 लाख रुपये दिए गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि पहले के समय में कॉपीराइट को लेकर इतना सख्त सिस्टम नहीं था और कई बार गानों का इस्तेमाल बिना भुगतान के ही कर लिया जाता था, लेकिन अब कलाकारों को उनके काम का उचित भुगतान मिलने लगा है। फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की बात करें तो करीब 300 से 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में लगभग 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दिलचस्प बात यह रही कि फिल्म को पाकिस्तान में रिलीज नहीं किया गया था, लेकिन जब यह ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफलीक्स पर आई तो वहां भी टॉप-10 में ट्रेंड करने लगी और पाकिस्तानी दर्शकों ने भी इसे काफी पसंद किया। अब इसके दूसरे भाग से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। मालूम हो कि पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जबरदस्त कमाई की थी। अब इस फिल्म का दूसरा पार्ट रिलीज के लिए तैयार है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुदामा/ईएमएस 18 मार्च 2026