- सीबीएसई मान्यता प्राप्त दस्तावेज 2 दिन में पेश करने दिए निर्देश - अभिभावक ने थी कलेक्टर से शिकायत कोरबा (ईएमएस) बिलासपुर में पांचवीं और छठी के छात्रों को दोबारा परीक्षा देने के लिए मजबूर करने के मामले में शुरू हुई जांच का दायरा अब कोरबा तक पहुंच गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कोरबा ने ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल की कोरबा शाखा को नोटिस जारी कर मान्यता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने निर्देश दिया है। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल कोरबा में पढ़ने वाले पांचवीं और छठी के छात्र के अभिभावक ने कलेक्टर से शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि स्कूल ने सीबीएसई संबद्धता का हवाला देकर बच्चों को प्रवेश दिया था और उनकी परीक्षा भी ले ली थी। अब उन्हें छत्तीसगढ़ पाठ्यक्रम के अनुसार दोबारा परीक्षा देने का निर्देश दिया जा रहा है। अभिभावक का आरोप है कि बच्चों ने सीबीएसई पाठ्यक्रम से पढ़ाई की है और अब उन्हें दूसरे पाठ्यक्रम के अनुसार परीक्षा के लिए मजबूर करना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। अभिभावक की इस शिकायत के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय समिति से जांच कराने निर्देश दिया है। * डीईओ ने नोटिस जारी क्र दस्तावेज पेश करने दिए निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 18 मार्च को ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल के प्राचार्य को नोटिस जारी किया गया है। इसमें सीबीएसई बोर्ड से प्राप्त मान्यता संबंधी सभी दस्तावेज दो कार्य दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। 19 मार्च / मित्तल