राष्ट्रीय
19-Mar-2026


-सभा खत्म होते ही आलू-प्याज और नींबू लेकर भागे लोग पटना,(ईएमएस)। नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान बिहार के मुंगेर में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम समाप्त होते ही मंच के पास सब्जियों से की गई सजावट पर लोग टूट पड़े और आलू, प्याज, नींबू, बैंगन सहित अन्य सब्जियां लूटकर ले गए। सब्जी लूटने वाली घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल सीएम नीतीश कुमार के कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा सब्जियों से ‘समृद्धि यात्रा’ लिखकर आकर्षक सजावट की गई थी। लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री वहां से रवाना हुए, भीड़ ने उस सजावट में लगी सब्जी को उखाड़कर झोलों में भरना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारी लोगों को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन भीड़ पर इसका कोई असर नहीं हुआ। इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने महिलाओं से बीच में उठकर न जाने की अपील भी की। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उनकी नजदीकी भी चर्चा में रही। बहरहाल कार्यक्रम का वीडियो भले सोशल मीडिया पर नहीं छाया लेकिन आलू-प्याज और सब्जी लूटने वाला वीडियो खूब तेजी से वायरल हो रहा है। हिदायत/ईएमएस 19मार्च26