राष्ट्रीय
19-Mar-2026


ऊना(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल डडवाल को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के आरोप में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने 25 फरवरी को अनिल डडवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 353(2) और 386 के तहत मामला दर्ज किया था। जानकारी के अनुसार, चार-पांच दिन पहले दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उन्हें पकडऩे के लिए गगरेट के घानारी क्षेत्र में दबिश दी थी, लेकिन डडवाल पुलिस की पहुंच से बाहर रहे। इसके बाद, दिल्ली पुलिस के समन पर बीते सोमवार को अनिल डडवाल स्वयं जांच में सहयोग के लिए दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के दफ्तर पहुंचे, जहां उनसे लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था। विनोद उपाध्याय / 19 मार्च, 2026