राज्य
19-Mar-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार समस्त नगरीय निकायों में आयोजित विक्रम महोत्सव के अंतर्गत कोटि सूर्योपासना कार्यक्रम का इंदौर के गांधी हॉल में हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हाडिया, कलेक्टर शिवम वर्मा, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, पार्षद गजानंद गावडे, भारत रघुवंशी, राजीव जैन, अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्रा एवं प्रधान अध्यापक उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई। इस अवसर पर सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित एक भव्य नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया, जिसमें उनकी वीरता, न्यायप्रियता एवं सांस्कृतिक योगदान को प्रभावी रूप से दर्शाया गया। यह प्रस्तुति रंगरूपिया थिएटर के रवि जोशी एवं उनकी टीम द्वारा दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री तुलसीराम सिलावट ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में संस्कृति, आस्था एवं विकास के संकल्प को साकार किया जा रहा है और ऐसे आयोजन भारतीय परंपराओं को सुदृढ़ करते हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि विक्रम संवत की परंपरा सम्राट विक्रमादित्य की देन है, जो आज भी भारतीय संस्कृति एवं पंचांग का आधार है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना एवं गौरवशाली परंपराओं का पुनर्स्मरण कराना है। आनंद पुरोहित/ 19 मार्च 2026