राज्य
19-Mar-2026


भोपाल (ईएमएस) । रमज़ान के 29वें रोज़े के बाद गुरुवार शाम शहर में चांद देखने का खासा शौक़ व जोश देखा गया। बड़ी तादाद में लोग मोती मस्जिद समेत मुख़्तलिफ़ मुक़ामात पर जमा हुए, लेकिन साफ़ आसमान के बावजूद चांद नजर नहीं आया। रूयत-ए-हिलाल कमेटी ने आस-पास के शहरों और गांवों से भी तस्दीक की, मगर कहीं से भी चांद दिखाई देने की कोई इत्तेला नहीं मिली। इसके बाद क़ाज़ी-ए-शहर सैयद मुश्ताक अली नदवी ने ऐलान किया कि जुमे को 30वां रोज़ा रखा जाएगा और ईदुल फितर का त्यौहार शनिवार को मनाया जाएगा। तरावीह की आख़िरी नमाज़ और जुमातुल विदा की अहमियत चांद नजर न आने के साथ ही गुरुवार को नमाज़-ए-ईशा के बाद तरावीह की आख़िरी नमाज़ अदा की गई। जुमे को जुमातुल विदा के तौर पर खास नमाज़ अदा की जाएगी, जो इस बार रमज़ान का पांचवां जुमा होने की वजह से और भी अहमियत रखता है। बाज़ारों में रौनक, ख़रीदारी का जोश ईद की तैयारियों को आख़िरी शक्ल देने के लिए शहर के बाज़ारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। चौक बाज़ार, लखेरापुरा, जुमेराती, बुधवारा, इतवारा और जहांगीराबाद जैसे इलाकों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कई मुक़ामात पर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक इंतज़ामात मज़बूत किए। ईद की नमाज़ के औक़ात ईदगाह – सुबह 7:30 बजे (पहली नमाज़ क़ाज़ी-ए-शहर अदा कराएंगे) जामा मस्जिद – सुबह 7:45 बजे ताज-उल-मसाजिद – सुबह 8:00 बजे मोती मस्जिद – सुबह 8:15 बजे मस्जिद रब्बानी (एमपी नगर) – सुबह 9:00 बजे मसाजिद कमेटी की हिदायतें मसाजिद कमेटी भोपाल ने शहरियों से अपील की है कि ईदगाह से पहले कहीं भी नमाज़-ए-ईद अदा न की जाए और रूयत-ए-हिलाल कमेटी या क़ाज़ी साहब की तस्दीक के बगैर कोई एलान न किया जाए। इसके अलावा हर शख्स नमाज़ से पहले सदक़ा-ए-फितर (₹70) अदा करे, वक्त से पहले ईदगाह पहुंचे और पार्किंग व इंतज़ामात में तआवुन करे, ताकि ईद का त्योहार अमन व अमान के माहौल में मनाया जा सके। जुनेद/19 मार्च2026