खेल
19-Mar-2026
...


:: अभय प्रशाल में बड़ा उलटफेर : तमिलनाडु के बालमुरुगन और सिद्धेश ने बंगाल की शीर्ष वरीय जोड़ी को चौंकाया; मानव ठक्कर और मानुष शाह का दबदबा :: इंदौर (ईएमएस)। अभय प्रशाल स्टेडियम में जारी 87वीं यूटीटी सीनियर नेशनल टेबल टेनिस स्पर्धा में गुरुवार का दिन मेजबान मध्य प्रदेश के लिए खुशियों भरा रहा, जहाँ बी. निवेदिता, मोमिता पाल, अद्विका अग्रवाल और भव्या राव ने अपने शानदार खेल के दम पर महिला एकल के मुख्य दौर (मेन ड्रॉ) में प्रवेश कर लिया। पुरुष एकल में स्टार खिलाड़ी मानव ठक्कर और मानुष शाह ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं, पुरुष युगल स्पर्धा में टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब तमिलनाडु के एम.आर. बालमुरुगन और सिद्धेश पांडे की जोड़ी ने खिताबी दौड़ की सबसे प्रबल दावेदार और शीर्ष वरीयता प्राप्त बंगाल की जोड़ी को बाहर का रास्ता दिखा दिया। पुरुष एकल के मुख्य दौर के मुकाबलों में देश के चोटी के पैडलर्स ने अपना वर्चस्व कायम रखा। पीएसपीबी के स्टार खिलाड़ी मानव ठक्कर ने मध्य प्रदेश के शिवम सोलंकी को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से पराजित किया, वहीं आरबीआई के मानुष शाह ने ओडिशा के तुषार चौहान को सीधे गेमों में 3-0 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया। अन्य मुकाबलों में महाराष्ट्र के कुशल चोपड़ा ने गुजरात के चित्रांश भट्ट को 3-1 से, तमिलनाडु के ई. प्रभाकरण ने महाराष्ट्र के रविंद्र कोटियान को 3-0 से और तेलंगाना के बी. शंकर ने मयूर कटेदे को 3-0 से हराया। पंजाब के एच. सिंह और बंगाल के अभिषेक मुखर्जी ने पांच गेमों तक चले रोमांचक संघर्ष में क्रमशः राजस्थान के बी. यथार्थ और उत्तराखंड के ध्रुवांश गौतम को 3-2 से मात दी। महिला एकल के लीग मुकाबलों में मेजबान शहर की लाड़लियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। बी. निवेदिता ने दिल्ली की श्रेया लिमये को 3-1 से और अद्विका अग्रवाल ने बंगाल की प्रियंका गांगुली को 3-1 से हराकर मुख्य दौर में अपनी जगह पक्की की। रेलवे की प्राप्ति सेन, उत्तर प्रदेश की सृष्टि जायसवाल और पंजाब की क्रिश्वी अरोड़ा ने भी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। गुजरात की एन. जायसवाल ने आरबीआई की काकोली को 3-2 के कड़े संघर्ष में हराया, जबकि कर्नाटक की खुशी विश्वनाथ ने महाराष्ट्र की एन. पाटिल को 3-0 से पराजित किया। :: बालमुरुगन-सिद्धेश ने किया धमाका, टॉप सीड बंगाल बाहर :: दिन का सबसे बड़ा उलटफेर पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में हुआ। तमिलनाडु के एम.आर. बालमुरुगन और सिद्धेश पांडे ने अपनी अभूतपूर्व रणनीति से शीर्ष वरीयता प्राप्त बंगाल के अंकुर भट्टाचार्य और शंखदीप दास को 3-2 (6-11, 11-4, 11-4, 13-11) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रेलवे (आरएसपीबी) की दो जोड़ियां जीत चंद्रा-अनिर्बन घोष और रोनित भांजा-प्रयेश राज सुरेश भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में पहुंच गई हैं। पीएसपीबी के अनुभवी सानिल शेट्टी और दिव्यांश श्रीवास्तव ने तमिलनाडु के कार्तिकेयन और तरुण को 3-1 से हराकर अपनी पदक की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। :: सुतीर्था-कौशानी और मोमिता-परमी की जोड़ी अगले दौर में :: महिला युगल वर्ग में मध्य प्रदेश की मोमिता पाल और परमी नागदेव की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए बंगाल की शुभमकृति दत्ता और दित्सा राय को 3-2 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुतीर्था मुखर्जी और कौशानी नाथ की जोड़ी ने राजस्थान की नंदिनी और समृद्धि को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इसके अलावा महाराष्ट्र की अनन्या चांदे और सेनोरा डिसूजा की जोड़ी ने कर्नाटक की चुनौती को 3-1 से समाप्त कर अगले दौर का सफर तय किया। हरियाणा की स्नेहा भौमिक और कशिश कालरा ने भी लद्दाख की जोड़ी को 3-0 से हराकर अपनी बढ़त बनाई। प्रकाश/19 मार्च 2026