पटना, (ईएमएस)। बिहार जद (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के माध्यम से राज्यवासियों को विकास की नई-नई सौगातें समर्पित कर रहे हैं। इस यात्रा को लेकर आम जनता में अत्यंत उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं और सीधे जनता से संवाद स्थापित कर आम लोगों की मूलभूत समस्याओं तथा आवश्यकताओं को गंभीरता से सुन रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप प्रभावी कदम उठाए जा सकें। श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने पिछले 21 वर्षों में विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उनकी दूरदर्शी सोच और सशक्त विजन का ही परिणाम है कि कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाने वाला बिहार आज विकास के नए-नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है और प्रगति के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘‘समृद्धि यात्रा’’ जनआकांक्षाओं के अनुरूप जनकल्याण और समावेशी विकास के निर्धारित लक्ष्यों को साकार करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार की विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि गत प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से करीब 430 नई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई थी। इनमें से 21 योजनाएँ पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं पर तेज गति से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विकास के विजन को गाँव-गाँव तक पहुँचाने के साथ-साथ विकसित बिहार के सपनों को साकार करने में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। 14 करोड़ बिहारवासियों को अपना परिवार मानते हुए मुख्यमंत्री राज्य के हर वर्ग की तरक्की, उन्नति और खुशहाली के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। संतोष झा- १९ मार्च/२०२६/ईएमएस