राज्य
19-Mar-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए), अहमदाबाद इकाई द्वारा आज यूनेस्को विश्व धरोहर केंद्र के प्रतिनिधि रोनाल्ड लिन, आईकोमोस विशेषज्ञ एलिज़ाबेथ वाइन्स तथा मदन सिंह चौहान का उनके रिएक्टिव मॉनिटरिंग मिशन के अंतर्गत स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन (कालूपुर) पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें परियोजना के उस दृष्टिकोण से अवगत कराया गया, जिसके अंतर्गत आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ शहर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत का समन्वित संरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान विशेष रूप से यह प्रस्तुति दी गई कि किस प्रकार परियोजना में केंद्रीय संरक्षित स्मारकों - ब्रिक मीनार एवं झूलता मीनार - को संवेदनशील रूप से शामिल किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य इन ऐतिहासिक धरोहरों को, जो अब तक अपेक्षाकृत कम ध्यान में रही हैं, प्रमुखता प्रदान करते हुए उन्हें शहरी अनुभव का अभिन्न एवं आकर्षक हिस्सा बनाना है। प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना की समावेशी एवं धरोहर-केंद्रित योजना की सराहना की। दोनों विशेषज्ञ ब्रिक मीनार एवं झूटा मीनार की विशिष्ट वास्तुकला से विशेष रूप से प्रभावित हुए तथा इस परियोजना को विरासत-संवेदनशील अवसंरचना विकास के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण बनने की क्षमता वाला बताया। सतीश/19 मार्च