जबलपुर, (ईएमएस)। नगर निगम द्वारा नर्मदा के तटों से शुरू हुए अभियान ने शहर की जीवनदायिनी नदियों को सहेजने के संकल्प को एक नई ऊर्जा दी है। अभियान की शुरुआत में गौरीघाट सहित नर्मदा के विभिन्न तटों पर स्वच्छता का अलख जगायी गयी। इस पुनीत कार्य में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, अजय विश्नोई,निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ जितेंद्र जामदार के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अमले ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सी.ई.ओ. अभिषेक गहलोत और अपर कलेक्टर अनुराग सिंह ने स्वयं झाड़ू थामकर सफाई अभियान का शुभारंभ किया। नर्मदा तटों की सफाई के उपरांत पूरा अमला गौर नदी के संरक्षण के लिए पहुँचा। यहाँ न केवल नदी की सफाई की गई, बल्कि जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने और उनके प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित जनों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर नदी की स्वच्छता और पर्यावरण रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। तटों के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों में भी सघन सफाई अभियान चलाया गया। सुनील साहू / शहबाज / 19 मार्च 2026/ 09.00