-सारा अली को केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के मामले में कूदीं रंगना रनौत मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान को केदारनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए सनातन के प्रति आस्था वाला हलफनामा देना होगा। अब इस नए नियम को लेकर लोकसभा सांसद कंगना रनौत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि सभी सनातनी हैं और इसे लिखकर देने में परेशानी क्या है। मंदिर समिति के बोर्ड की 10 मार्च को हुई बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर परिसरों और गर्भगृहों में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को कंगना रनौत ने कहा कि यहां जो भी हैं सभी सनातनी हैं। क्योंकि जब हमारा जन्म हुआ, सनातन मतलब जिसका न आदि है न अंत। सारे धर्म हजार पंद्रह सौ साल पुराने हैं। सनातन ही है, जो सत्य है। वह भी सनातनी ही हैं, तो सत्य लिखने में क्या घबराहट है लिख दीजिए। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष ने मंगलवार को कहा कि फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान या अन्य कोई गैर हिंदू अगर सनातन के प्रति अपनी आस्था के बारे में हलफनामा देता है तो उसे मंदिरों में दर्शन करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिनकी सनातन धर्म के प्रति आस्था होगी और जो लिखेगा कि मैं सनातनी हूं, मैं हिंदुत्व को मानता हूं, उन सबका स्वागत है। केदारनाथ फिल्म की अभिनेत्री के बारे में पूछे जाने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष ने कहा कि सारा अली खान अगर कहेंगी कि उनकी सनातन के प्रति आस्था है, भाव है और वह हलफनामा देंगी तो उन्हें दर्शन करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हलफनामे के लिए मंदिर समिति ने प्रारूप तैयार किया है। यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले माह से शुरू हो रही चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों से जारी हैं और केवल 10 दिनों में 16 मार्च तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। बता दें सारा अली खान समय-समय पर केदारनाथ मंदिर आती रही है। वह बॉलीवुड फिल्म केदारनाथ में भी नजर आईं थीं, जिसमें मुख्य अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत थे। सिराज/ईएमएस 20 मार्च 2026