-परिवार संग आश्रम पहुंचीं और की आध्यात्मिक चर्चा, अयोध्या दर्शन के बाद मथुरा दौरे का दूसरा दिन मथुरा,(ईएमएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचकर उनसे मुलाकात की। सुबह करीब 7 बजे हल्की बारिश के बीच राष्ट्रपति मुर्मू अपने परिवार के साथ आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने संत से लगभग 25 मिनट तक आध्यात्मिक चर्चा की। राष्ट्रपति मुर्मू के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम और नातिनें आद्याश्री व नित्याश्री भी मौजूद रहीं। आश्रम पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को हाथ जोड़कर प्रणाम किया, जिसका उत्तर संत ने “राधे-राधे” कहकर दिया। इस दौरान आश्रम के संतों ने राष्ट्रपति मुर्मू का माला और चुनरी ओढ़ाकर पारंपरिक स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को उनके जन्मदिन की बधाई भी दी। गौरतलब है कि संत का 56वां जन्मदिन एक दिन पूर्व 19 मार्च को मनाया गया था। आश्रम परिसर में राष्ट्रपति और उनके परिवार के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। बताया गया कि आध्यात्मिक चर्चा के दौरान राष्ट्रपति भाव-विभोर नजर आईं। इस दौरान कुटिया में केवल राष्ट्रपति, उनके परिजन और संत के करीबी शिष्य ही उपस्थित रहे। मथुरा प्रवास के अगले चरण में राष्ट्रपति बाबा नीम करौरी महाराज के आश्रम भी जाएंगी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह मथुरा का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 25 सितंबर को यहां आई थीं, जब उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए थे। राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा उनके तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास का हिस्सा है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को उन्होंने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए थे और राम मंदिर में रामयंत्र की स्थापना की थी। उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण भी किया, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी। हिदायत/ईएमएस 20मार्च26